बस्तर लोकसभा चुनाव 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में देश के 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान हो रहा है. देश की 102 सीटों में से एक सीट ऐसी भी है जो नक्सल प्रभावित है। हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट की। बस्तर लोकसभा सीट नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। इस क्षेत्र में कई अति संवेदनशील मतदान केंद्र है |
बस्तर सीट में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है. संवेदनशील इलाकों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक और सामान्य इलाकों में सुबह 7 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा वहीं 800 मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग की जाएगी। बस्तर में 11 बजे तक 28.12 प्रतिशत मतदान हुआ है. बस्तर लोकसभा चुनाव के लिए कुल 1961 मतदान केंद्र बनाया गया है, जिसमें 1957 मूल मतदान केंद्र हैं। वहीं चार सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है।
बस्तर लोकसभा सीट से कुल 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें से तीन उम्मीदवार मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल से हैं। छह रजिस्ट्रीकृत और दो निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बस्तर में कुल 14 लाख 72 हजार 207 मतदाता हैं। इसमें से पुरुष मतदाता की संख्या सात लाख 746 हैं। महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख 71 हजार 679 हैं। वहीं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 52 है। इसमें 18 से 19 साल के मतदाताओं को संख्या 47 हजार 10 है|