रविवार 9 जून को राष्ट्रपति भवन में पीएम नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। उनसे पहले देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम इतिहास में यह रिकॉर्ड दर्ज था। मोदी की कैबिनेट में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से भाजपा सांसद तोखन साहू शामिल हुए हैं।
रायपुर: मोदी कैबिनेट के लिए छत्तीसगढ़ के कई दिग्गज नेताओं बृजमोहन अग्रवाल , संतोष पाण्डेय, विजय बघेल के नामों की चर्चा थी। लेकिन इन्हीं चर्चाओं के बीच एक नया नाम सामने आया तोखन साहू का वे पहली बार छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सांसद बने हैं और पहली पारी में ही उन्हें मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। साहू ने केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया है। आइए जानते है, कौन है तोखन साहू ? गांव का पंच कैसे बना केंद्रीय राज्यमंत्री ….
सामान्य किसान परिवार से आते है, तोखन साहू
सामान्य किसान परिवार से आने वाले तोखन साहू का जन्म 15 अक्टूबर 1969 को मुंगेली जिले के डिंडोरी में गांव में हुआ था। उन्होंने एमकॉम की पढ़ाई की है। वे बिलासपुर संभाग से लोरमी विधानसभा के विधायक रह चुके हैं।उन्होंने साल 1994 में गांव के पंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद सरपंच बने और फिर जनपद सदस्य भी चुने गए ।वर्ष 2013 में बिलासपुर संभाग के लोरमी विधानसभा सीट से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। वे साल 2015 में रमन सिंह सरकार में कृषि , मछली पालन, पशुपालन , जल संसाधन विभाग के संसदीय सचिव बने।
जातिगत समीकरण को साधने की कोशिश?
जातिगत समीकरण की बात करें तो, आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ की लगभग 35 लाख ओबीसी आबादी में साहू समाज का दबदबा सबसे ज्यादा माना जाता है। विधानसभा और लोकसभा को लेकर यह माना जाता है कि साहू समाज ने पिछले 2 दशकों में बीजेपी को ज्यादा समर्थन दिया है।जानकर मानते हैं, कि जिस पार्टी को साहू समाज का समर्थन मिल जाए उसकी जीत तय है। तोखन साहू भी इसी साहू समाज से आते है। इस बार भी लोकसभा चुनाव 2024 में छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 10 सीटों पर जीत हासिल किया है।वहीं एक सीट कोरबा लोकसभा से कांग्रेस ने जीत हासिल की है। राज्य गठन के बाद से केंद्र सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा पाने वालों में तोखन साहू सातवें सांसद बन चुके हैं इनसे पहले दिलीप सिंह जूदेव ,रमेश बैस ,डॉ रमन सिंह, चरण दास महंत , विष्णु देव साय और रेणुका सिंह केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं।
बिलासपुर छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण सीटों में से एक है। इस बार इस लोकसभा सीट भाजपा ने तोखन साहू को मैदान में उतारा था। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव से था। आंकड़ों के अनुसार तोखन साहू ने एक लाख से भी अधिक वोटो से जीत दर्ज की है।